HomeBUSINESSबजट 2026: आयुर्वेदिक एम्स से हाईस्पीड रेल तक, मेडिकल टूरिज्म और युवा...

बजट 2026: आयुर्वेदिक एम्स से हाईस्पीड रेल तक, मेडिकल टूरिज्म और युवा शक्ति पर सरकार का बड़ा दांव

Share:

नई दिल्ली। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में केंद्रीय बजट 2026 पेश करते हुए ‘विकसित भारत 2047’ की दिशा में कई दूरगामी और संरचनात्मक सुधारों का ऐलान किया। इस बजट में सरकार ने लोकलुभावन घोषणाओं से हटकर स्वास्थ्य, इंफ्रास्ट्रक्चर, रेलवे, मेडिकल टूरिज्म, युवाओं, महिलाओं और एमएसएमई पर फोकस किया है। बजट का स्पष्ट संदेश रहा—देश को कर्ज के जाल से निकालकर आत्मनिर्भर और मजबूत अर्थव्यवस्था बनाना।

स्वास्थ्य और मेडिकल टूरिज्म को नई उड़ान

वित्त मंत्री ने घोषणा की कि देश में 3 आयुर्वेदिक एम्स स्थापित किए जाएंगे। इसके साथ ही भारत को वैश्विक मेडिकल टूरिज्म हब के रूप में विकसित करने की रणनीति पर काम किया जाएगा।
कैंसर और डायबिटीज जैसी गंभीर बीमारियों से निपटने के लिए ₹10,000 करोड़ की ‘शक्ति’ योजना लाई गई है, जिसके तहत दवाओं का घरेलू उत्पादन बढ़ाया जाएगा।
स्वास्थ्य सेवाओं को सस्ता बनाने के लिए कैंसर की 17 दवाओं को बेसिक कस्टम ड्यूटी (BCD) से छूट दी गई है।

रेलवे और इंफ्रास्ट्रक्चर पर रिकॉर्ड निवेश

रेलवे के लिए बजट 2026 में बड़े ऐलान किए गए हैं। सरकार ने 7 हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर बनाने का एलान किया है।
इसके साथ ही अगले पांच वर्षों में 20 नए जल मार्ग शुरू होंगे। वाराणसी और पटना में जहाज मरम्मत केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जबकि सी-प्लेन (समुद्री विमान) के लिए VGF योजना शुरू की जाएगी।

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 1,337 रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास का लक्ष्य रखा गया है, जिनमें से 1,197 स्टेशनों पर काम शुरू हो चुका है।
वंदे भारत ट्रेनों के विस्तार और बुलेट ट्रेन परियोजना (NHSRCL) के लिए ₹21,000 करोड़ का निवेश जारी रहेगा।

कर व्यवस्था: इनकम टैक्स जस का तस

बजट 2026 में इनकम टैक्स स्लैब में कोई बदलाव नहीं किया गया है। हालांकि, करदाताओं को राहत देते हुए रिवाइज्ड रिटर्न दाखिल करने की अंतिम तारीख 31 दिसंबर से बढ़ाकर 31 मार्च कर दी गई है।
विदेश यात्रा, शिक्षा और इलाज के लिए भेजे जाने वाले पैसे (LRS) पर TCS घटाकर 2% कर दिया गया है, जो पहले 5% से 20% तक था।

एसएमई और मध्यम वर्ग के लिए राहत

छोटे और मध्यम उद्योगों को मजबूत करने के लिए सरकार ने ₹10,000 करोड़ का एसएमई ग्रोथ फंड बनाने का ऐलान किया है।
TReDS प्लेटफॉर्म के जरिए क्रेडिट गारंटी सपोर्ट देकर छोटे उद्योगों को ‘चैम्पियन’ बनाने की रणनीति अपनाई गई है।

महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता की राह

बजट 2026 में महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी गई है। महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत और सुरक्षित वातावरण देने के उद्देश्य से कई नई योजनाओं की घोषणा की गई है।

सस्ता-महंगा और बाजार का हाल

बजट के बाद बाजार में गिरावट देखी गई। सेंसेक्स 1,546 अंक टूटकर 80,722 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 495 अंक गिरा। इसकी बड़ी वजह फ्यूचर्स और ऑप्शंस पर सिक्योरिटीज ट्रांजैक्शन टैक्स (STT) बढ़ाना रहा।
कमोडिटी बाजार में चांदी दो दिन में ₹1.36 लाख सस्ती, जबकि सोना ₹31 हजार टूटकर ₹1.38 लाख पर आ गया।

राजनीतिक प्रतिक्रियाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बजट को ‘युवा शक्ति का बजट’ बताया और कहा कि यह 2047 तक विकसित भारत की नींव रखेगा।
वहीं, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि युवाओं को बजट में कुछ खास नहीं मिला, जबकि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इसे ‘बिखरा हुआ बजट’ करार दिया।

GST कलेक्शन से मिली राहत

बजट के दिन सरकार को राहत देते हुए जनवरी में GST कलेक्शन 6.2% बढ़कर ₹1.93 लाख करोड़ पहुंच गया, जो अर्थव्यवस्था की मजबूती का संकेत है।


Share:

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version